गुरुवार 21 मई 2026 - 14:04
चीन और रूस द्वारा ईरान पर अमेरिकी और इज़राइली हमलों की कड़ी निंदा

हौज़ा / चीन और रूस के राष्ट्रपतियों ने मध्य पूर्व की स्थिति पर एक संयुक्त बयान जारी करते हुए ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों की कड़ी निंदा की है और इन्हें अंतरराष्ट्रीय कानून तथा वैश्विक संबंधों के मूल सिद्धांतों का खुला उल्लंघन बताया है।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , चीन और रूस के राष्ट्रपतियों ने मध्य पूर्व की स्थिति पर एक संयुक्त बयान जारी करते हुए ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी सिद्धांतों का स्पष्ट उल्लंघन बताया हैं।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी और इज़राइली हमलों से क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को गंभीर नुकसान पहुंचा है। दोनों नेताओं ने ज़ोर दिया कि संघर्ष में शामिल सभी पक्ष तुरंत बातचीत और कूटनीतिक संवाद की ओर लौटें, ताकि तनाव और अधिक न फैले।

रूसी सरकारी मीडिया के अनुसार, मॉस्को और बीजिंग ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वह निष्पक्ष और यथार्थवादी रुख अपनाए, पश्चिम एशिया में तनाव कम करने में भूमिका निभाए और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मूल सिद्धांतों की रक्षा के लिए साझा कदम उठाए।

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस मौके पर कहा कि मध्य पूर्व की स्थिति एक बेहद संवेदनशील और निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को अस्वीकार्य बताया और तुरंत युद्धविराम की मांग की। शी जिनपिंग ने कहा कि क्षेत्र में युद्ध समाप्त होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ने वाली बाधाएँ भी कम होंगी।

इसी बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया बीजिंग यात्रा के कुछ दिन बाद चीन पहुंचे, जहां उन्होंने शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की और दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच व्यापक वार्ता हुई। बैठक के अंत में चीन और रूस के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने सहित कई अहम समझौतों और दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर भी किए गए।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha